February 6, 2026

IMT DESK

एलन मस्क की सोशल मीडिया कंपनी X (पूर्व में ट्विटर) ने अश्लील कंटेंट को लेकर केंद्र सरकार को अपनी एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) सौंप दी है, लेकिन सरकार इस जवाब से संतुष्ट नहीं है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MEITY) ने साफ कहा है कि X का स्पष्टीकरण अपर्याप्त है और मामले में आगे की कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।

MEITY के मुताबिक, X से और विस्तृत जानकारी मांगी जा सकती है। मंत्रालय यह भी जांच कर रहा है कि क्या आईटी एक्ट 2000 और आईटी रूल्स 2021 का सही तरीके से पालन किया जा रहा है या नहीं।

Grok AI को लेकर बढ़ी चिंता

सरकार की सख्ती का कारण X का AI टूल Grok है, जिसके जरिए कथित तौर पर सेक्शुअली-एक्सप्लिसिट और आपत्तिजनक कंटेंट तैयार किया जा रहा है। आरोप है कि महिलाओं और बच्चों की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें अश्लील रूप में बदला जा रहा है। भारत के साथ-साथ ब्रिटेन और यूरोप में भी इस मामले की जांच शुरू हो चुकी है।

इसी को देखते हुए भारत सरकार ने कुछ दिन पहले X को पत्र लिखकर ऐसे सभी कंटेंट को तुरंत हटाने और 72 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे।

2 जनवरी को जारी हुआ था नोटिस

MEITY ने 2 जनवरी को X को आदेश दिया था कि वह प्लेटफॉर्म से सभी अवैध, अश्लील और आपत्तिजनक पोस्ट तत्काल हटाए और Grok AI से बनने वाले कंटेंट पर कड़ी निगरानी सुनिश्चित करे।

X ने दी थी अकाउंट बैन की चेतावनी

X पहले ही कह चुका है कि Grok के गलत इस्तेमाल पर संबंधित अकाउंट्स को स्थायी रूप से बंद किया जाएगा। कंपनी का दावा है कि अवैध कंटेंट को लेकर वह “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर स्थानीय सरकारों व कानून एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करेगी।

हालांकि, सरकार का कहना है कि मौजूदा जवाब से वह संतुष्ट नहीं है और आने वाले दिनों में X के खिलाफ और कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *