
मंगलवार को देश के दो राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ। छत्तीसगढ़ में पहले चरण में 20 सीटों पर, जबकि मिजोरम में सभी 40 सीटों पर वोटिंग हुई। पांच बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में जहां 71.11 प्रतिशत लोगों ने वोट पड़े, तो मिजोरम में 77.39 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इसके साथ ही दोनों राज्यों में उतरे 397 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। अब 3 दिसंबर को पता चलेगा कि जनता ने किसे चुना। आइये विस्तार से जानते हैं दोनों राज्यों के मतदान के आंकड़ों को…
पहले जानते हैं छत्तीसगढ़ के आंकड़े
पहले चरण में जिन 20 सीटों पर मतदान हुआ वहां पांच बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, इस बार भानुप्रतापपुर सीट पर सबसे ज्यादा 79.1% मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद डोंगरगढ़ सीट पर 77.4% और डोंगरगांव सीट पर 76.8% वोटिंग हुई। सबसे कम मतदान बीजापुर सीट पर दर्ज किया गया। यहां 40.98% मतदान हुआ है। इसके बाद कोंटा सीट पर 50.12% और दंतेवाड़ा सीट पर 62.55% वोटिंग हुई।
इन सीटों पर 2018 में कुल 77.23% वोटिंग हुई थी। बीजापुर सीट पर 2018 में सबसे कम 48.9% मतदान हुआ था। वहीं, सबसे ज्यादा 85.43% मतदान डोंगरगांव विधानसभा सीट पर हुआ था। पूरे राज्य की बात करें तो 2018 में छत्तीसगढ़ में कुल 76.45% मतदाताओं ने वोट डाला था।
मंत्रियों की सीट पर कितना हुआ मतदान?
जिन सीटों पर आज चुनाव हुए उनमें कई चर्चित सीटें भी हैं। राजनांदगांव से पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रमन सिंह मैदान में हैं। इस सीट पर 75.1% वोट डाले गए। 2018 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 63.18 फीसदी मतदान हुआ था। यानी, पिछली बार के मुकाबले करीब 12 फीसदी ज्यादा वोटिंग यहां हुई।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ सरकार के चार मंत्रियों की सीटों पर भी आज वोटिंग हुई। कवासी लखमा कोंटा सीट से मैदान में हैं जहां महज 50.12% वोट डाले गए। मंत्री दीपक बैज चित्रकोट से चुनाव लड़ रहे हैं और यहां 70.36% वोटिंग हुई। कवर्धा से मोहम्मद अकबर मैदान में हैं जहां यहां 72.89% लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इसी तरह कोंडागांव से मोहनलाल मरकाम चुनाव लड़ रहे हैं और यहां 76.29% वोटिंग दर्ज की गई है।
सीटवार मतदान
सीट | 2018 में मतदान % | 2023 में मतदान % (शाम पांच बजे तक) |
पंडरिया | 77.84 | 71.06 |
कवर्धा | 82.5 | 72.89 |
खैरागढ़ | 84.51 | 76.31 |
डोंगरगढ़ (SC) | 82.7 | 77.4 |
राजनांदगांव | 78.87 | 74 |
डोंंगरगांव | 85.43 | 76.8 |
खुज्जी | 84.76 | 72.01 |
मोहला-मानपुर (ST) | 80.28 | 76 |
अंतागढ़ (ST) | 75.21 | 70.72 |
भानुप्रतापपुर (ST) | 77.58 | 79.1 |
कांकेर (ST) | 79.11 | 76.13 |
केशकाल (ST) | 81.81 | 74.49 |
कोंडागांव (ST) | 83.69 | 76.29 |
नारायणपुर (ST) | 75.03 | 63.88 |
बस्तर (ST) | 83.37 | 71.39 |
जगदलपुर | 78.4 | 75 |
चित्रकोट (ST) | 80.69 | 70.36 |
दन्तेवाड़ा (ST) | 60.64 | 67.71 |
बीजापुर (ST) | 48.9 | 40.98 |
कोन्टा (ST) | 55.3 | 50.12 |
2018 में कैसा रहा था मतदान?
पिछले चुनाव में डोंंगरगांव में सबसे ज्यादा 85.43% वोट डाले गए थे। वहीं दूसरे नंबर पर खुज्जी में 84.76% और तीसरे नंबर पर खैरागढ़ में 84.51% वोटिंग हुई थी। इसी तरह दन्तेवाड़ा (ST) में सबसे कम 60.64% मतदान हुआ था। इसके बाद कोन्टा (ST) सीट पर 55.3% और बीजापुर (ST) सीट पर 48.9% वोट डाले गए थे।
मिजोरम
पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम में मतदान खत्म हो चुका है। पांच बजे तक के आंकड़ों के अनुसार राज्य में कुल 77.39% वोटिंग दर्ज की गई है। पिछली बार राज्य में कुल 80.03% वोटिंग दर्ज की गई थी।
प्रमुख सीट पर क्या हुआ?
जिन सीटों पर आज चुनाव हुए उनमें एक चर्चित सीट आइजोल पूर्व-l है। यहां से मुख्यमंत्री जोरमथंगा मैदान में हैं। इस सीट पर 65.97% वोट डाले गए। 2018 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 80.3 फीसदी मतदान हुआ था।
किन सीटों पर ज्यादा मतदान और किन सीटों पर कम वोटिंग हुई?
पांच बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, इस बार सेरछिप सीट पर सबसे ज्यादा 83.73% मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद तुइकुम सीट सीट पर 83.07% और सेर्लुइ सीट पर 83.03% मतदान हुआ।
इस बार सबसे कम मतदान आइजोल पूर्व-l सीट पर दर्ज किया गया। यहां 65.97% मतदान हुआ है। इसके बाद आइजोल पूर्व-ll सीट पर 68.77% और आइजोल उत्तर-l सीट पर 70.51% मतदान हुआ।
सीटवार मतदान
विधानसभा सीट | 2018 में मतदान % | 2023 में मतदान % (शाम पांच बजे तक) |
तुइकुम | 87.65 | 87.32 |
लुंगलेई उत्तर | 87.5 | 74.09 |
आइजोल दक्षिण-III | 87.28 | 75 |
पश्चिम तुईपुई | 87.19 | 82.1 |
थोरंग | 86.63 | 76.76 |
सेरछिप | 85.65 | 83.73 |
तुइचावंग | 85.14 | 80 |
तवी | 84.47 | 76.51 |
डंपा | 83.87 | 85.92 |
सरलुई | 83.82 | 85.51 |
तुइरियल | 83.78 | 83.95 |
लुंगलेई दक्षिण | 83.73 | 80.43 |
दक्षिण तुईपुई | 83.72 | 82.1 |
लॉन्गतलाई पश्चिम | 83.52 | 80.8 |
लुंगलेई पूर्व | 83.26 | 81.02 |
लुंगलेई पश्चिम | 82.71 | 80.43 |
ह्रांगतुर्जो | 82.33 | 82.56 |
मामित | 82.05 | 83.73 |
कोलासिब | 81.84 | 79.46 |
आइजोल पश्चिम-I | 81.38 | 72.94 |
पालक | 81.31 | 79.37 |
लेंगटेंग | 81.07 | 78.56 |
तुइवावल | 80.69 | 75.18 |
चैलफिल | 80.61 | 75.55 |
आइजोल पूर्व-I | 80.3 | 65.97 |
आइजोल उत्तर-II | 80.01 | 73.91 |
आइजोल पश्चिम-II | 80.01 | 79.91 |
तुइचांग | 80.01 | 82.39 |
आइजोल पूर्व II | 79.94 | 68.77 |
आइजोल दक्षिण-I | 79.38 | 75 |
चम्फाई उत्तर | 79.19 | 78.03 |
आइजोल दक्षिण-II | 79.15 | 75 |
चम्फाई दक्षिण | 78.65 | 77.63 |
पूर्वी तुईपुई | 78.64 | 79.01 |
हच्चेक | 78.29 | 83.19 |
आइजोल पश्चिम-III | 78 | 73.7 |
साइहा | 77.6 | 73.91 |
आइजोल उत्तर-III | 77.38 | 73.95 |
आइजोल उत्तर-I | 76.5 | 70.51 |
लॉन्गतलाई पूर्व | 75.95 | 74.62 |