February 6, 2026

Sport Desk IMT

T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले साउथ अफ्रीका ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की झलक दिखा दी है। वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू T20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में अफ्रीकी टीम ने ऐसा रनचेज किया, जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया। इस जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।

इस धमाकेदार जीत के हीरो रहे क्विंटन डिकॉक, जिन्होंने अपने T20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सबसे तेज शतक जड़ा, जबकि रायन रिकल्टन ने अपनी अब तक की सबसे बड़ी पारी खेली।

वेस्टइंडीज ने खड़ा किया बड़ा स्कोर

सेंचुरियन में खेले गए दूसरे T20 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 221 रन बनाए। मजबूत बल्लेबाजी के दम पर कैरेबियाई टीम ने साउथ अफ्रीका के सामने 222 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा।

रनचेज में डिकॉक-रिकल्टन का कहर

लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत कप्तान एडन मार्करम और क्विंटन डिकॉक ने की, लेकिन शुरुआती साझेदारी ज्यादा देर नहीं चली। मार्करम के आउट होते ही मैदान पर आए रायन रिकल्टन ने डिकॉक के साथ मिलकर मैच की तस्वीर ही बदल दी।

दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 152 रन की विस्फोटक साझेदारी कर वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।

डिकॉक का करियर का सबसे तेज शतक

क्विंटन डिकॉक ने महज 43 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो उनके T20I करियर का सबसे तेज शतक है। उन्होंने 49 गेंदों में 115 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और 6 चौके शामिल रहे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 230 से ऊपर रहा।

रिकल्टन की अब तक की सबसे बड़ी पारी

दूसरे छोर से रायन रिकल्टन ने भी कमाल का साथ निभाया। उन्होंने 36 गेंदों पर नाबाद 77 रन बनाए। इस पारी में रिकल्टन ने 9 चौके और 3 छक्के जड़े और स्ट्राइक रेट 210 से ज्यादा का रहा। यह T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी अब तक की सबसे बड़ी पारी है।

T20I में सबसे तेज 220+ रन का पीछा

डिकॉक और रिकल्टन की तूफानी बल्लेबाजी का नतीजा यह रहा कि साउथ अफ्रीका ने T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 220 से ज्यादा रन का लक्ष्य सबसे तेज हासिल करने वाली फुल मेंबर टीम बनने का रिकॉर्ड बना लिया। टीम ने 17.3 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

सीरीज हाथ में, नजर क्लीन स्वीप पर

साउथ अफ्रीका ने पहला T20 मुकाबला 9 विकेट से जीता था और अब दूसरे मैच में 7 विकेट की जीत के साथ सीरीज अपने नाम कर ली है।
सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 31 जनवरी को जोहानिसबर्ग में खेला जाएगा, जहां साउथ अफ्रीका की नजर वेस्टइंडीज का क्लीन स्वीप करने पर होगी।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *