स्पोर्ट्स

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान और SA20 लीग के कमिश्नर ग्रीम स्मिथ ने युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस की जमकर सराहना करते हुए उन्हें टी-20 क्रिकेट का “गेम-चेंजर” करार दिया है। स्मिथ का कहना है कि ब्रेविस जैसे खिलाड़ी किसी भी समय अपने दम पर मुकाबले का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने यह टिप्पणी SA20 फाइनल के बाद मीडिया डे के दौरान की, जहां ब्रेविस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
ग्रीम स्मिथ ने कहा कि टूर्नामेंट की शुरुआत में ब्रेविस अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, लेकिन दबाव भरे हालात में उन्होंने खुद को संभाला और निर्णायक मुकाबलों में शानदार वापसी की। स्मिथ के मुताबिक, प्लेऑफ और फाइनल जैसे बड़े मंच पर ब्रेविस ने यह साबित किया कि वह सिर्फ प्रतिभाशाली बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि बड़े मैचों के खिलाड़ी भी हैं।
दैनिक भास्कर के सवाल पर स्मिथ ने कहा कि आधुनिक टी-20 क्रिकेट में ऐसे बल्लेबाज बेहद अहम होते हैं, जो मुश्किल परिस्थितियों में भी मैच का पासा पलट सकें। उन्होंने कहा,
“ब्रेविस और क्विंटन डिकॉक जैसे बल्लेबाज एक-दो ओवर में ही मैच की तस्वीर बदल सकते हैं। आज के टी-20 फॉर्मेट में मैच-विनर की भूमिका सबसे अहम है।”
फाइनल में ऐतिहासिक शतक
SA20 फाइनल में डेवाल्ड ब्रेविस ने यादगार पारी खेलते हुए 56 गेंदों में 101 रन बनाए। वह टूर्नामेंट के इतिहास में फाइनल में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने। उनकी इस विस्फोटक पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे। हालांकि उनकी टीम खिताब नहीं जीत सकी, लेकिन ब्रेविस की यह पारी पूरे टूर्नामेंट की सबसे चर्चित पारियों में गिनी गई।
वर्ल्ड कप की तैयारी को मिला मजबूती
स्मिथ ने माना कि SA20 लीग फरवरी-मार्च में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप से पहले दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए एक बेहतरीन मंच साबित हुई है। उनके अनुसार, लीग में खिलाड़ियों को हाई-प्रेशर मुकाबलों का अनुभव मिला, जो अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में काफी उपयोगी होगा। उन्होंने कहा कि तैयारी के लिहाज से इससे बेहतर माहौल की कल्पना नहीं की जा सकती।
चयनकर्ताओं के सामने चुनौती
43 वर्षीय ग्रीम स्मिथ ने यह भी कहा कि अब टीम मैनेजमेंट के सामने सबसे बड़ी चुनौती सही कॉम्बिनेशन चुनने की है। SA20 में कई युवा और अनुभवी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया है, जिससे चयनकर्ताओं के पास विकल्प बढ़ गए हैं। स्मिथ का मानना है कि यही स्वस्थ प्रतिस्पर्धा टीम को और मजबूत बनाती है।
डेवाल्ड ब्रेविस के इस शानदार प्रदर्शन ने न सिर्फ उन्हें सुर्खियों में ला दिया है, बल्कि टी-20 वर्ल्ड कप से पहले दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी को लेकर उम्मीदें भी काफी बढ़ा दी हैं। SA20 का यह सीजन युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का मजबूत मंच बनकर उभरा है।
