February 6, 2026

सीकर, राजस्थान

राजस्थान में निकाय चुनावों को लेकर हलचल तेज हो गई है। स्वायत्त शासन विभाग (UDH) मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने साफ कहा है कि राज्य सरकार चुनाव कराने के लिए हर स्तर पर तैयार है और अब गेंद पूरी तरह निर्वाचन आयोग के पाले में है।

सीकर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री खर्रा ने बताया कि अक्टूबर 2025 तक निकाय चुनाव से जुड़ी सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। ओबीसी आयोग की रिपोर्ट मिलने के बाद अब चुनाव प्रक्रिया में कोई तकनीकी अड़चन शेष नहीं है।

उन्होंने कहा कि यदि राज्य निर्वाचन आयोग चाहे तो फरवरी में ही निकाय चुनाव कराए जा सकते हैं। सरकार या विभागीय स्तर पर ऐसा कोई लंबित विषय नहीं है, जो चुनाव कराने में बाधा बने।

कौशल विकास पर भी दिया जोर

कार्यक्रम के दौरान मंत्री खर्रा ने युवाओं के कौशल विकास को लेकर केंद्र सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उद्देश्य यह है कि हर युवा किसी न किसी हुनर में दक्ष बने, ताकि आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को मजबूत किया जा सके। युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देकर उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

जयंत चौधरी नहीं पहुंच सके, वीडियो संदेश से संबोधन

घने कोहरे के कारण केंद्रीय कौशल विकास राज्यमंत्री जयंत चौधरी कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए। इस दौरान उनका वीडियो संदेश चलाया गया।

अपने संदेश में जयंत चौधरी ने कहा कि सीकर जिले का चौधरी चरण सिंह से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है, इसी वजह से इस क्षेत्र में कौशल विकास गतिविधियों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने ग्रामीण महिला शिक्षण संस्थान की भी सराहना करते हुए कहा कि यहां बेटियों के सर्वांगीण विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य हो रहा है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *