IMT DESK

देश इस समय भीषण ठंड और घने कोहरे की दोहरी मार झेल रहा है। पहाड़ी इलाकों से आ रही सर्द और शुष्क हवाओं ने उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में गलन बढ़ा दी है। सुबह और रात के समय कई राज्यों में दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है। धूप निकलने के बावजूद ठंड से खास राहत नहीं मिल पा रही। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों तक शीतलहर बने रहने की चेतावनी जारी की है।
मकर संक्रांति और लोहड़ी जैसे पर्व भी इस बार कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच मनाए जाएंगे।
50 से अधिक जिलों में पारा 5 डिग्री से नीचे
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य भारत के कई हिस्सों में कोल्ड वेव की स्थिति बनी हुई है। करीब 50 से ज्यादा जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। कई क्षेत्रों में सुबह के समय घना से अति घना कोहरा छाया रहा, जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
दिल्ली-NCR में ऑरेंज अलर्ट
राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री और अधिकतम 19 से 21 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना बनी हुई है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई इलाकों में भी ठंड का असर तेज बना रहेगा।
मध्य प्रदेश में फिलहाल कोहरा, 15 के बाद बारिश की संभावना
मध्य प्रदेश में ग्वालियर, चंबल, रीवा और सागर संभाग में ठंड के साथ मध्यम से घना कोहरा छाया हुआ है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, खजुराहो, गुना, शिवपुरी, शाजापुर और सीहोर जैसे शहरों में भी सुबह के समय कोहरे का असर देखा गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 15 जनवरी के बाद पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से 2–3 दिन बाद प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश के आसार बन सकते हैं।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी, तीन राज्यों में बारिश-बर्फ का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। कई ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे जाने की संभावना है। तेज हवाओं के साथ मौसम और अधिक कठोर हो सकता है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में बढ़ेगी ठिठुरन
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा और शीतलहर जारी रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। कोहरे के कारण दृश्यता कम रहेगी, जिससे ट्रेन और सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका है। बिहार के कई हिस्सों में भी ठंड और गलन का असर अगले कुछ दिन बना रह सकता है।
दक्षिण भारत में बारिश के आसार
उधर बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमी सिस्टम के चलते दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है। तटीय इलाकों में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
