February 6, 2026

वाराणसी।

देश की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) एक बार फिर छात्र उपद्रव के कारण सुर्खियों में है। गुरुवार सुबह रुइया हॉस्टल और बिरला हॉस्टल के छात्रों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दोनों गुटों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला पुलिस हरकत में आ गई। हालात को काबू में करने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स को बीएचयू परिसर में तैनात किया गया है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए ड्रोन कैमरों के जरिए हॉस्टलों की छतों और आसपास के इलाकों की निगरानी की जा रही है।

मामूली विवाद से भड़की हिंसा

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रुइया और बिरला हॉस्टल के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई और फिर पत्थरबाजी में बदल गई। इसी दौरान कुछ छात्रों ने मिलकर एक छात्र पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।

पूर्व छात्रों पर गंभीर आरोप

घायल छात्र ने पुलिस को दिए गए बयान में आरोप लगाया है कि हमला करने वालों में कुछ बीएचयू के पूर्व छात्र शामिल हैं, जो अब भी अनधिकृत रूप से हॉस्टल में रह रहे हैं। छात्र का आरोप है कि ऐसे लोग आए दिन हॉस्टल परिसर में उपद्रव करते रहते हैं, जिससे माहौल लगातार खराब होता जा रहा है।

पुलिस ने घायल छात्र की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। संदिग्धों की पहचान की जा रही है और हॉस्टल में रह रहे अनधिकृत लोगों की सूची भी तैयार की जा रही है।

हॉस्टलों में सघन चेकिंग अभियान

घटना के बाद बिरला हॉस्टल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। विश्वविद्यालय की प्रॉक्टोरियल टीम हॉस्टल के कमरों की सघन जांच कर रही है। अवैध रूप से रह रहे छात्रों या बाहरी लोगों की पहचान कर उन्हें बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का बयान

काशी जोन के डीसीपी गौरव वंसवाल ने बताया कि,
“रुइया और बिरला हॉस्टल के छात्रों के बीच विवाद के बाद एक छात्र पर हमला हुआ है। घायल छात्र को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। उसने कुछ लोगों के नाम बताए हैं, जो पूर्व छात्र बताए जा रहे हैं और अनधिकृत रूप से हॉस्टल में रह रहे हैं। पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”

फिलहाल स्थिति शांत

प्रशासन के अनुसार, फिलहाल बीएचयू परिसर में स्थिति नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है। हालांकि, किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *