February 6, 2026

नई दिल्ली।

लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान हो गया है. मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने घोषणा की कि देश में आम चुनाव 7 चरणों में होंगे. चुनाव की प्रक्रिया 19 अप्रैल से शुरू होकर 1 जून तक चलेगी. जबकि मतगणना 4 जून को होगी. देश के तीन राज्य यूपी, बिहार और पश्चिम बंगाल में सभी 7 चरणों में मतदान होगा.

लोकतंत्र के महापर्व की रणभेरी बज गई है. चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है. पूरा चुनाव 7 फेज में होगा. पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल को होगी. देशभर में इलेक्शन की प्रक्रिया 43 दिन तक चलेगी. जबकि 4 जून को नई सरकार का ऐलान हो जाएगा. मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि 19 अप्रैल को पहले चरण की वोटिंग होगी, जबकि दूसरा चरण 26 अप्रैल, तीसरा 7 मई, चौथा चरण 13 मई, पांचवां फेज 20 मई, छठवां फेज 25 मई और सातवें चरण का मतदान 1 जून को होगा. वोटों की गिनती 4 जून को होगी.

देशभर में कब-कब और कहां-कहां होंगे चुनाव?

– पहले चरण में 19 अप्रैल को 21 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की 102 सीटों पर वोटिंग होगी. इसके साथ ही 10 राज्यों में चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.

– दूसरे चरण में 26 अप्रैल को 13 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की 89 सीटों पर मतदान होगा. इसके साथ ही चार राज्यों में मतदान प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

– तीसरे चरण में 7 मई को 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 94 सीटों पर मतदान होगा. इसके साथ ही 6 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान संपन्न हो जाएगा.

– चौथे चरण में 13 मई को 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 96 सीटों पर मतदान होगा. इसके साथ ही तीन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान पूरा हो जाएगा.

– पांचवें चरण में 20 मई को 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों पर वोटिंग होगी. इसके साथ ही तीन और राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान संपन्न हो जाएगा.

– छठे चरण में 25 मई को 7 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की 57 सीटों पर मतदान होगा. इस चरण के साथ दो और राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान संपन्न हो जाएगा.

– सातवें और अंतिम चरण में 1 जून को 8 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की 57 सीटों पर वोटिंग होगी. इसके साथ ही 8 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.

दिल्ली-NCR में कब होगी वोटिंग?

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली-एनसीआर की सीटों पर वोटिंग की तारीख सामने आ गई है. दिल्ली में एक ही चरण में वोटिंग होगी. यहां 25 मई को मतदान होगा, जबकि यूपी के नोएडा और गाजियाबाद में 26 अप्रैल को मतदान होगा. उधर, हरियाणा की गुड़गांव और फरीदाबाद सीट पर भी 25 मई की वोटिंग होगी. 

यूपी में सभी 7 चरणों में होगी वोटिंग

उत्तर प्रदेश देश की सभी राजनीतिक पार्टियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण राज्य है. यहां से सबसे ज्यादा 80 लोकसभा सीट आती हैं. इसलिए राजनीति में कहावत भी है कि यूपी से ही दिल्ली का सफर तय होता है. यूपी भारत में सबसे अधिक लोकसभा सीटों वाला राज्य है. यूपी में सभी 7 चरणों में वोटिंग होगी.

बिहार की 40 सीटों पर 7 फेज में वोटिंग

चुनाव आयोग ने शनिवार को लोकतंत्र के सबसे बड़े महोत्सव की तारीखों का ऐलान कर दिया है. इसमें बिहार में होने वाला चुनाव भी खासा महत्व रखने वाला है. बिहार में 40 लोकसभा सीटें हैं.  बिहार में भी सात चरणों  में चुनाव होंगे. इसकी डेटशीट सामने आ गई है. बिहार में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई, और 1 जून को वोट पड़ेंगे.

MP की 29 सीटों पर 4 चरणों में वोटिंग

मध्यप्रदेश में 29 सीटों के लिए 4 चरणों में चुनाव संपन्न होना है. प्रदेश में 19 अप्रैल को पहले चरण में 6 सीटों के लिए मतदान होगा. इसके बाद 26 अप्रैल को 7 सीटें, 7 मई को 8 सीट और फिर 13 मई को बची 8 सीटों पर वोट डाले जाएंगे. साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भी 4 चरणों में चुनाव हुआ था. 

महाराष्ट्र में 5 चरणों में वोटिंग 

महाराष्ट्र में 5 चरणों में मतदान होगा. यहां 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 07 मई, 13 मई और 20 मई को वोटिंग होगी. यहां 48 सीटों के लिए घमासान होना है.

राजस्थान में 2 फेज में होगा मतदान

राजस्थान की सभी 25 सीटों पर लोकसभा का चुनाव 2 फेज में कराया जाएगा. यहां 19 और 26 अप्रैल को वोटिंग होगी. राजस्थान में पहले चरण में 12 लोकसभा सीटों पर, वहीं दूसरे चरण में 13 सीटों पर मतदान कराया जाएगा.

तमिलनाडु में 19 अप्रैल को मतदान

तमिलनाडु में पहले फेज यानी 19 अप्रैल को चुनाव है. यहां 39 सीटों पर एक साथ एक ही दिन वोटिंग होगी. तमिलनाडु में 39  सीट में से 7 आरक्षित सीट हैं. तमिलनाडु में 20 मार्च को अधिसूचना जारी हो जाएगी. 27 मार्च को यहां नामांकन की आखिरी तारीख है.

गुजरात में कब होगी वोटिंग?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के गृह राज्य गुजरात में लोकसभा की सभी 26 सीटों पर एक ही दिन मतदान होगा. गुजरात की सभी सीटों पर तीसरे चरण में 7 मई को वोट डाले जाएंगे. गुजरात सहित देश की सभी 543 लोकसभा सीटों पर वोटों की गिनती 4 जून को होगी.

छत्तीसगढ़ में तीन चरणों में मतदान 

छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों के चुनावी कार्यक्रम का ऐलान हो गया है. राज्य की 11 लोकसभा सीटों के लिए तीन चरणों में वोट डाले जाएंगे. पहले चरण यानी 19 अप्रैल को एक सीट पर वोटिंग होगी. इसके बाद दूसरे चरण यानी 26 अप्रैल को 3 और 7 मई को सूबे की 7 सीटों पर मतदान होगा।
 

पश्चिम बंगाल में 7 फेज में होगी वोटिंग

पश्चिम बंगाल में सात चरणों में वोटिंग होगी. पश्चिम बंगाल में कब-कब वोट डाले जाएंगे, इसकी तारीख भी सामने आ गई है. साल 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने 40.3 फीसदी वोट शेयर के साथ 42 में से 18 संसदीय सीटों पर जीत हासिल किया था. टीएमसी 43.7 फीसदी वोट शेयर के साथ 22 सीटें जीती थी. कांग्रेस पार्टी 5.7 फीसदी वोट शेयर के साथ दो सीटों पर विजयी रही थी. 

तेलंगाना में इस दिन होगी वोटिंग

तेलंगाना में एक ही चरण में चुनाव होगा. यहां चौथे चरण के दौरान 13 मई को वोटिंग होगी. यहां  नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 25 अप्रैल, नामांकन की जांच- 26 अप्रैल और उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 29 अप्रैल होगी.

आम चुनाव के साथ इन 4 राज्यों में होंगे विधानसभा चुनाव?

आम चुनाव के साथ ही 4 राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होंगे. अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में विधानसभा चुनाव 19 अप्रैल को होंगे. आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव 13 मई को, ओडिशा विधानसभा के चुनाव 4 चरणों में यानी 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को होंगे. राजीव कुमार ने दो नए चुनाव आयुक्तों ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू की मौजूदगी में कहा कि 26 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उपचुनाव भी होंगे. वहीं, देश के तीन राज्य बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में सभी 7 चरणों में मतदान होगा. 

‘चुनाव प्रचार में बच्चों के इस्तेमाल की अनुमति नहीं’

सीईसी ने कहा कि चुनाव प्राधिकरण चार ‘एम’ की चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए तैयार है, बाहुबल, धनबल, गलत सूचना और आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन. साथ ही कहा कि मैं पार्टियों से अपील करूंगा कि वे प्रचार के दौरान मर्यादा बनाए रखें और व्यक्तिगत हमलों से बचें. सीईसी ने कहा कि प्रचार में बच्चों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए और चुनाव निगरानी संस्था इस मामले में बहुत सख्त होगी. उन्होंने यह भी कहा कि समाचार के रूप में विज्ञापन देने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

3.4 लाख CAPF कर्मियों की होगी तैनाती

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि लोकसभा चुनाव और चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में राज्य पुलिस बलों के साथ 3.4 लाख केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) कर्मियों को तैनाती होगी. राजनीतिक रूप से अस्थिर पश्चिम बंगाल में CAPF के सबसे ज्यादा 92,000 कर्मियों को तैनात किया जाएगा. बंगाल में 7 चरणों में चुनाव होंगे. इसके बाद आतंकवाद प्रभावित जम्मू और कश्मीर में 63,500 कर्मियों को तैनात किया जाएगा, जहां 5 चरणों में मतदान होगा. नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ में 36,000 जवान तैनात किए जाएंगे, जहां तीन चरणों में मतदान होगा. राजीव कुमार ने बताया कि चुनाव आयोग ने राज्यों के सीईओ के अनुरोध पर विचार किया है और स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चरणबद्ध तरीके से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में CAPF की अधिकतम 3,400 कंपनियों को तैनात करने का फैसला किया है. एक CAPF कंपनी में लगभग 100 कर्मी शामिल होते हैं. अगले कुछ दिनों में पूरी फोर्स जुटाने का काम पूरा हो जाएगा.

भाजपा-एनडीए चुनाव के लिए पूरी तरह तैयारः PM मोदी

इलेक्शन की तारीखों का ऐलान होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि लोकतंत्र का सबसे बड़ा त्योहार आ गया है. EC ने 2024 लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है. हम, भाजपा-एनडीए चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं. हम सभी क्षेत्रों में सुशासन के अपने ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर लोगों के पास जा रहे हैं. दस साल पहले, हमारे सत्ता संभालने से पहले भारत के लोग INDI गठबंधन के दयनीय शासन के कारण ठगा हुआ और निराश महसूस कर रहे थे. कोई भी क्षेत्र घोटालों और नीतिगत पंगुता से अछूता नहीं रहा. विश्व ने भारत का साथ छोड़ दिया था. वहां से, यह एक शानदार बदलाव रहा है. 

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *