
हिमाचल के मंडी में सैलाब घर को बहा ले गया। वहीं तीन मंजिला होटल गिरा। उत्तराखंड में बस बाढ़ में बहते बची।
दिल्ली, पंजाब और हिमाचल सहित देश के उत्तरी राज्यों में बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं। पिछले 24 घंटे में सात राज्यों में लैंडस्लाइड और बाढ़ की अलग-अलग घटनाओं में 56 मौतें हुई हैं।
मनाली में बारिश का 52 साल का रिकॉर्ड टूटा है। हिमाचल CM ने लोगों से अगले 24 घंटे घर में रहने को कहा है। प्रदेश में कई नदी-नहरें खतरे के निशान से ऊपर हैं। 2 जगह बादल फटा है।
कुल्लू में ब्यास के साथ पार्वती और तीर्थन नदी भी उफान पर है। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में 60 गाड़ियां पानी के तेज बहाव में बह गईं। वहीं कुल्लू के कसौल में 6 गाड़ियां पानी में बह गईं।
पंजाब में सतलुज दरिया के पास बसे 15 से 20 गांव खाली करा लिए गए हैं। वहीं लेह-लद्दाख में भारी बारिश के चलते 450 साल पुराना घर गिर गया। हिमाचल में 46 घर जमींदोज हो गए।
देश की कुल बारिश अब सामान्य से अधिक हाे गई है। 9 जुलाई तक सामान्य बारिश 239 मिमी होती थी। अब आंकड़ा इसे पार कर 243 मिमी हाे गया है, जाे 2% ज्यादा है।
दिल्ली में बारिश का 41 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। गुरुग्राम में सड़कें नदी बन गईं। यमुना में बढ़ते जलस्तर को लेकर चेतावनी दी गई है। यह खतरे के निशान के करीब पहुंच चुकी है।
पिछले 24 घंटों में 56 मौतेंं, सबसे ज्यादा यूपी में
राज्य | मौतें |
यूपी | 34 |
हिमाचल | 7 |
उत्तराखंड | 6 |
जम्मू-कश्मीर | 4 |
पंजाब | 3 |
राजस्थान | 1 |
दिल्ली | 1 |
कुल | 56 |
मौसम से जुड़े अपडेट्स…
- दिल्ली में यमुना नदी का वॉटर लेवल खतरे के निशान के करीब पहुंचा।
- अमरनाथ यात्रा को लगातार तीसरे दिन जम्मू के रास्ते रोक दिया गया।
- पंजाब के लुधियाना में भारी बारिश के चलते सोमवार को स्कूल बंद।
- मध्य प्रदेश में नर्मदा नदी में फंसे चार लोगों को NDRF ने रेस्क्यू किया।
- दिल्ली में भारी बारिश को देखते हुए सीएम केजरीवाल ने बैठक की।
- हरियाणा में NDRF बुलाई गई, CM की इमरजेंसी मीटिंग में फैसला।
- पंजाब में चीफ सेक्रेटरी सभी विभागों के अधिकारियों संग मीटिंग करेंगे।
- दिल्ली हाईकोर्ट में कोर्ट रूम में पानी लीकेज के चलते उन्हें शिफ्ट किया गया।
- हिमाचल में बीजेपी ने हेल्पलाइन नंबर 01772831893-9317221289 जारी किए।
अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…
इन राज्यों में तेज बारिश होगी: राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, गोवा, कर्नाटक और केरल।
इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: तमिलनाडु, तेलंगाना, महाराष्ट्र और झारखंड में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
अलग-अलग राज्यों से मानसून की तस्वीरें…

जालंधर के फिल्लौर में पंजाब पुलिस एकेडमी के अंदर पानी घुस गया। पार्किंग में खड़ी दो दर्जन के करीब गाड़ियां पानी में डूब गईं।

हिमाचल प्रदेश में कुल्लू बस स्टैंड के पास नदी में उफान।

मंडी के थुनाग इलाके में बारिश का पानी और कीचड़ मार्केट में घुस गया।

पंजाब के आनंदपुर साहिब में आई बाढ़ का व्यू।

हिमाचल के मनाली में भारी बारिश से गाड़ी पानी में बह गई।

मंडी जिले में ब्यास नदी में तेज बहाव के चलते पुल पानी में बह गया।

शिमला में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड हुई।

दिल्ली में दो दिनों से भारी बारिश जारी है। इसके चलते सड़क पर जलभराव हो गया।

दिल्ली की PWD मंत्री आतिशी अधिकारियों संग यमुना नदी पहुंची।

हरियाणा पंजाब सचिवालय भी पानी से लबालब भर गया। कई गाड़ियां इसमें डूब गईं।

राजस्थान के अजमेर में भारी बारिश से सड़क पर गाड़ियां फंस गईं। कई घरों में पानी भर गया।

सोमवार सुबह बालटाल बेस कैंप से भी अमरनाथ यात्रा दोबारा शुरू हो गई। बारिश के चलते यात्रा तीन दिन बंद रही।

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर के डुडू क्षेत्र में बारिश के चलते तीन क्षेत्रों को जोड़ने वाला पुल बह गया।
अन्य राज्यों में मौसम का हाल…
यूपी में 24 घंटे में 34 लोगों की मौत, गाजियाबाद में NDRF ने बचाए 33 लोग
पुलिस और NDRF की टीम नाव लेकर दौलत नगर इलाके में पहुंची और फिर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
यूपी के राहत आयुक्त जी एस नवीन कुमार के मुताबिक प्रदेश में बीते 24 घंटों में आकाशीय विद्युत बिजली गिरने से 17, पानी में डूबने से 12 तथा अतिवृष्टि से 5 लोगों की मौत हुई है। गाजियाबाद में रविवार को हुई भारी बारिश से लोनी क्षेत्र के दौलतनगर में 33 लोग फंस गए थे। NDRF ने उन्हें सुरक्षित निकाला।
MP के 5 जिलों में 8 इंच बारिश की संभावना, भोपाल समेत 29 जिलों में हैवी रेन का अलर्ट
मध्य प्रदेश के विदिशा, रायसेन, सीहोर, शिवपुरी और श्योपुरकलां जिलों में अधिक बारिश की संभावना जताई गई है। यहां साढ़े 4 इंच से 8 इंच तक बारिश हो सकती है। वहीं भोपाल, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, झाबुआ, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना में ढाई से साढ़े 4 इंच तक पानी बरस सकता है।
उधर जबलपुर में नर्मदा नदी की बाढ़ में फंसे चारों युवकों को करीब 14 घंटे बाद सोमवार सुबह रेस्क्यू कर लिया गया। ये रविवार दोपहर नदी में मछली पकड़ने के लिए उतरे थे। बचाने के लिए रात में ड्रोन से खाना पहुंचाया गया। बचाते समय SDRF की नाव पलटी, सुबह रस्सी से रेस्क्यू हुआ।
राजस्थान में 6 जिलों में अलर्ट, माउंट आबू में 9 इंच तक बारिश
अजमेर में देर रात बारिश के बाद अस्पताल और रेल की पटरियों पर भरा पानी।
राजधानी जयपुर समेत राजस्थान के कई जिलों में कल रात से रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है। सीकर में रेलवे स्टेशन पर पटरी पानी में डूब गईं। माउंट आबू में भारी बारिश के कारण वेस्ट बनास बांध का जल स्तर बढ़ गया। मौसम विभाग ने आज भी 6 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश होने का अनुमान जताया है।
झारखंड में 13 जुलाई तक भारी बारिश, आठ जिलों में झमाझम बरसेंगे बदरा

मंगलवार को रांची में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गयी है।
मौसम विभाग ने राज्य के आठ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 10 से 13 जुलाई तक इन जिलों में मूसलाधार बारिश होगी। इस मूसलाधार बारिश का असर राज्य के बड़े हिस्से में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने जिन जिलों को लेकर अलर्ट जारी किया है उनमें देवघर, धनबाद, दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज शामिल हैं।
हरियाणा में 16 जिलों में रेड अलर्ट: खतरे के निशान से ऊपर 4 नदियां

हरियाणा में यमुना नदी में लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए 6 जिलों के 163 गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है।
हरियाणा में 16 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। 4 नदियां खतरे के निशान से ऊपर हैं। चंडीगढ़ मौसम विभाग ने हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल के साथ दक्षिण और दक्षिण पूर्व के जिले महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है।
पंजाब में नहरें खतरे के निशान से ऊपर, खाली कराए गए गांव

जंडियाला गुरु में नहर की दीवार टूटने से 200 एकड़ के करीब फसल पानी में डूब गई है।
पंजाब में आज भी भारी बारिश होने के आसार हैं। सोमवार सुबह 9.30 बजे तक पूर्वी मालवा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहीं दोआबा के लिए यलो अलर्ट है, जिसके तहत आने वाले कुछ घंटों में जमकर बारिश होगी। वहीं प्रदेश में दरिया व नहरें खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इसके चलते सतलुज दरिया के आस-पास बसे 15 से 20 गांव खाली करा लिए गए हैं।
बिहार में बारिश और बिजली का अलर्ट, अब तक 76.7MM कम हुई बारिश
बिहार में अगले 3 दिनों तक कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट है। मौसम विभाग लगातार बिहार के कई जिलों में भारी का अलर्ट जारी कर रहा है, लेकिन प्रदेश में अब तक 186.5 MM बारिश हुई है। जो कि 76.7 MM कम है। प्रदेश में अब तक 263.2 MM बारिश होनी थी। पढ़ें पूरी खबर…
मनाली में 52, सोलन में 9 साल का रिकॉर्ड टूटा; 2 जगह बादल फटा

हिमाचल में लगभग 35 घंटे तक हेवी रेनफॉल हुआ है। इससे राज्य के सभी नदी-नाले उफान पर हैं।
हिमाचल प्रदेश के मनाली और सोलन में बारिश ने कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ा है। मनाली में पिछले 24 घंटे में 131.3 मिलीमीटर (MM) और सोलन में 107 MM बारिश हुई है। इससे पहले इन दोनों शहरों में 9 जुलाई 1971 को 105.1 MM और 17 जुलाई 2015 को भी 105 MM बारिश का रिकॉर्ड था।
ढ़