
मुंबई/ठाणे।
देश की सबसे व्यस्त रेल सेवाओं में शुमार मुंबई लोकल ट्रेन में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। दीवा और मुंब्रा स्टेशन के बीच ट्रेन से गिरकर 6 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक यात्री की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के पीछे अत्यधिक भीड़ और दरवाजों पर लटककर यात्रा करना प्रमुख कारण बताया जा रहा है।
सुबह 9 बजे हुआ हादसा, ट्रेन में पैर रखने की जगह नहीं
यह दुखद घटना सुबह लगभग 9 बजे उस समय हुई जब कसारा की ओर जा रही लोकल ट्रेन दीवा और मुंब्रा स्टेशनों के बीच थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन में इतनी भीड़ थी कि यात्रियों को अंदर खड़ा होना भी मुश्किल हो गया था। कई यात्री दरवाजों पर लटककर यात्रा कर रहे थे, उसी दौरान धक्कामुक्की में कुछ यात्री चलती ट्रेन से पटरी पर गिर गए।
रेलवे और पुलिस मौके पर, सेवाएं प्रभावित
रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ स्वप्निल धनराज नीला ने बताया कि पहले जानकारी मिली थी कि छह यात्री गिरे हैं, लेकिन बाद में कुल आठ यात्रियों के गिरने की पुष्टि हुई। जिनमें से छह की मौके पर ही मौत हो गई।
पुष्पक एक्सप्रेस से गिरने की भी सूचना
घटनास्थल से गुजर रही पुष्पक एक्सप्रेस से भी कुछ यात्रियों के गिरने की खबर सामने आई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसे लेकर रेलवे ने जांच शुरू कर दी है।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और जांच की मांग
इस हादसे पर शिवसेना (शिंदे गुट) के सांसद नरेश म्हास्के ने इसे बेहद दुखद बताते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है और घटना के कारणों की गहन जांच होनी चाहिए।
बीजेपी विधायक संजय केलकर ने भी हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि अगर कोई प्रशासनिक चूक सामने आती है, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मनसे और बीजेपी दोनों दलों ने हादसे की जांच और जवाबदेही तय करने की मांग की है।
रेलवे का बड़ा फैसला: अब लोकल ट्रेनों में लगेंगे ऑटोमैटिक दरवाजे
इस हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने दो अहम निर्णय लिए हैं।
- नई लोकल ट्रेनों में ऑटोमैटिक दरवाजे अनिवार्य किए जाएंगे।
- पुरानी लोकल ट्रेनों में भी ऑटोमैटिक दरवाजों की सुविधा जोड़ी जाएगी, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।