February 6, 2026

मुंबई

देश की अग्रणी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 4% बढ़कर ₹3,794 करोड़ पहुंच गया, जबकि कुल राजस्व 29% की बढ़त के साथ ₹49,891 करोड़ रहा। कंपनी ने गुरुवार को अपने तिमाही नतीजों की घोषणा की।

अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में मारुति सुजुकी ने कुल 6.67 लाख वाहनों की बिक्री की, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 18% अधिक है। घरेलू मांग में मजबूती और बेहतर बिक्री प्रदर्शन के चलते कंपनी की आय और मुनाफे में सुधार देखने को मिला।

वित्तीय आंकड़ों की स्थिति

कंपनी के अनुसार, तिमाही के दौरान उत्पादों और सेवाओं की बिक्री से प्राप्त राजस्व ₹49,891 करोड़ रहा, जबकि पिछले वर्ष की इसी तिमाही में यह ₹38,752 करोड़ था। सभी खर्चों को घटाने के बाद कंपनी का शुद्ध लाभ ₹3,794 करोड़ रहा, जो एक साल पहले ₹3,659 करोड़ था।

घरेलू बाजार बना बिक्री का आधार

तीसरी तिमाही में मारुति सुजुकी की कुल बिक्री में घरेलू बाजार का योगदान प्रमुख रहा। कंपनी ने भारत में 5,64,669 वाहन बेचे, जो सालाना आधार पर 20.9% की वृद्धि को दर्शाता है। वहीं, निर्यात 1,03,100 यूनिट रहा, जिसमें 3.9% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कुल मिलाकर कंपनी की ओवरऑल सेल्स ग्रोथ 18% रही।

शेयर बाजार की प्रतिक्रिया

मजबूत नतीजों के बावजूद शेयर बाजार में मारुति सुजुकी के शेयर में हल्की गिरावट देखी गई। गुरुवार को कंपनी का शेयर 1.93% टूटकर ₹14,951 पर कारोबार करता नजर आया। हालांकि, लंबी अवधि में शेयर का प्रदर्शन मजबूत बना हुआ है। बीते छह महीनों में शेयर ने करीब 21% और एक साल में लगभग 23% का रिटर्न दिया है। कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप लगभग ₹4.7 लाख करोड़ है।

मारुति सुजुकी की स्थापना वर्ष 1981 में हुई थी और 1982 में यह जापान की सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन के साथ संयुक्त उद्यम बनी। 1983 में लॉन्च हुई मारुति 800 ने भारतीय मध्यम वर्ग के लिए कार खरीदने के सपने को साकार किया। अब तक कंपनी देश में लगभग 3 करोड़ वाहन बेच चुकी है।

विशेषज्ञों का मानना है कि घरेलू बाजार में स्थिर मांग, नए मॉडलों की पेशकश और निर्यात पर फोकस के चलते आने वाली तिमाहियों में कंपनी का प्रदर्शन संतुलित बना रह सकता है। हालांकि, इनपुट लागत और बढ़ती प्रतिस्पर्धा भविष्य की रणनीति के लिए चुनौतीपूर्ण रह सकती है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *