
मुंबई / लंदन। फिल्म अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और मशहूर उद्योगपति संजय कपूर का 53 वर्ष की आयु में निधन हो गया। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना 13 जून को इंग्लैंड के गार्ड्स पोलो क्लब में घटी, जब पोलो खेलते समय एक मधुमक्खी के डंक से उन्हें अचानक हार्ट अटैक आ गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मधुमक्खी के डंक से एनाफिलैक्सिस शॉक, फिर हार्ट फेल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पोलो मैच के दौरान संजय कपूर के मुंह में एक मधुमक्खी घुस गई और गले के भीतर डंक मार दिया। डॉक्टरों के अनुसार, इससे एनाफिलैक्सिस शॉक की स्थिति बनी, जिसमें शरीर में तीव्र एलर्जी प्रतिक्रिया होती है। संजय को उसी वक्त दिल का दौरा पड़ा और वे घोड़े से नीचे गिर पड़े। मेडिकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका।
‘ऑरियस पोलो टीम’ के थे मालिक, खेल के दौरान हुआ हादसा
संजय कपूर ऑरियस पोलो टीम के संस्थापक थे और पोलो के बड़े शौकीन माने जाते थे। हादसे के वक्त वे होटल व्यवसायी जैसल सिंह की टीम ‘सुजान’ के खिलाफ मुकाबला खेल रहे थे। यह मैच उनके जीवन का अंतिम खेल बन गया।
बॉलीवुड में शोक, करिश्मा कपूर सदमे में
संजय कपूर के आकस्मिक निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है। उनके निधन की सूचना मिलते ही करिश्मा कपूर गहरे सदमे में पहुंच गईं। उन्हें सांत्वना देने के लिए करीना कपूर और सैफ अली खान भी उनके पास पहुंचे। करिश्मा और संजय की शादी 2003 में हुई थी और 2016 में तलाक हो गया था। दोनों के दो बच्चे हैं।
व्यक्तिगत जीवन में संघर्ष, लेकिन व्यावसायिक जीवन में सफल
संजय कपूर ने अपने व्यक्तिगत जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे। करिश्मा कपूर से तलाक के बाद उन्होंने प्रिया सचदेव से दूसरा विवाह किया था। व्यवसायिक दुनिया में वे सफल होटल कारोबारी और पोलो प्रमोटर के रूप में प्रसिद्ध थे।