
ग्वालियर (मध्यप्रदेश)।
ग्वालियर शहर बुधवार को एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात का गवाह बना। अलकापुरी तिराहे पर एक युवक ने अपनी पत्नी पर चलती बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे महिला बुरी तरह झुलस गई। गनीमत रही कि मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ब्रजेंद्र कुमार ने बहादुरी दिखाते हुए महिला की जान बचा ली। इस प्रयास में वह स्वयं भी झुलस गया।
पत्नी पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, फिर खुद को भी जलाने की कोशिश
घटना बुधवार दोपहर की है। महालगांव निवासी काजल दुबे अपने परिचित मनीष नागोरिया के साथ बाइक पर कहीं जा रही थी। तभी अचानक काजल के पति पवन दुबे ने रास्ता रोक लिया और उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद पवन ने खुद को भी जलाने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत काबू में कर लिया।
ट्रैफिक जवान ने दिखाई बहादुरी
घटना स्थल पर मौजूद ट्रैफिक जवान ब्रजेंद्र कुमार ने बिना देर किए आग की चपेट में आई महिला को बचाने के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना आग बुझाई। इस दौरान ब्रजेंद्र के दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए। वहीं, मनीष नागोरिया भी महिला को बचाने के प्रयास में घायल हुआ है। पुलिसकर्मी की तत्परता ने एक महिला की जान बचा ली।
महिला की हालत गंभीर, आरोपी गिरफ्तार
करीब 30 प्रतिशत तक झुलसी काजल दुबे को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। वहीं आरोपी पवन दुबे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, और उस पर हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
तलाक का मामला था लंबित, पहले भी हुए थे गंभीर आरोप
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, काजल और पवन के बीच तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। कुछ समय पहले काजल ने पति पर बच्चे के अपहरण और मारपीट के गंभीर आरोप भी लगाए थे, जिसकी शिकायत एसपी कार्यालय में दर्ज की गई थी।
पुलिस व प्रशासन ने की जवान की प्रशंसा
ग्वालियर पुलिस ने ट्रैफिक जवान ब्रजेंद्र कुमार की बहादुरी और तत्परता की खुलकर प्रशंसा की है। अधिकारियों ने कहा कि यदि वह तुरंत कार्रवाई नहीं करता तो महिला की जान बचाना मुश्किल हो जाता। प्रशासन ने उन्हें सम्मानित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।