Business News

भारतीय रेलवे अपनी प्रीमियम ट्रेनों की सूची में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस बहुत जल्द शुरू होने वाली है, और इसकी सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इसमें RAC और वेटिंग लिस्ट की व्यवस्था पूरी तरह खत्म कर दी गई है।
रेलवे बोर्ड से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इस ट्रेन में टिकट बुकिंग पूरी तरह बर्थ की उपलब्धता से जुड़ी होगी। जितनी बर्थ, उतने ही टिकट। अगर सिस्टम में जगह नहीं होगी, तो टिकट बुक ही नहीं होगा। यानी यात्रियों को पहले से यह स्पष्ट रहेगा कि उनकी यात्रा पूरी तरह पक्की है या नहीं।
अब तक आम ट्रेनों में RAC का मतलब होता था – एक बर्थ पर दो यात्री। लेकिन वंदे भारत स्लीपर को रेलवे ने “नो-शेयरिंग मॉडल” पर तैयार किया है। इसका उद्देश्य लंबी दूरी की रात की यात्राओं को ज्यादा आरामदायक और तनावमुक्त बनाना है।
किराया सामान्य से ऊपर, लेकिन अनुभव प्रीमियम
रेलवे ने इस ट्रेन के लिए किराया ढांचे को प्रीमियम कैटेगरी में रखा है। न्यूनतम 400 किलोमीटर का बेस फेयर तय किया गया है, चाहे यात्री इससे कम दूरी ही क्यों न तय करे।
संभावित किराया इस प्रकार होगा:
- 3AC: लगभग ₹2.40 प्रति किमी
- 2AC: लगभग ₹3.10 प्रति किमी
- 1AC: लगभग ₹3.80 प्रति किमी
एसी श्रेणियों में इन दरों पर GST अतिरिक्त लगाया जाएगा।
कहां से चलेगी पहली वंदे भारत स्लीपर
रेलवे इस स्लीपर वर्जन की शुरुआत हावड़ा से गुवाहाटी के बीच करने जा रहा है। यह ट्रेन मुख्य रूप से रात में चलने के लिए डिजाइन की गई है, ताकि यात्री सोते हुए सफर करें और सुबह अपने गंतव्य पर पहुंच जाएं। रेलवे का दावा है कि यह ट्रेन मौजूदा एक्सप्रेस ट्रेनों से लगभग तीन घंटे कम समय में दूरी तय करेगी।
सुविधा और सुरक्षा का नया स्तर
वंदे भारत स्लीपर में यात्रियों को आधुनिक बर्थ, बेहतर साउंड कंट्रोल, ऑटोमैटिक स्लाइडिंग दरवाजे और स्मूद सस्पेंशन सिस्टम मिलेगा। कोच का डिजाइन हाई-स्पीड और कम वाइब्रेशन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
सुरक्षा के लिहाज से इसमें कवच सिस्टम, इमरजेंसी कम्युनिकेशन यूनिट, फायर सेफ्टी मैकेनिज्म और एडवांस टॉयलेट टेक्नोलॉजी शामिल की गई है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह ट्रेन उन यात्रियों के लिए खास होगी, जो रात की यात्रा में पूरी बर्थ, प्राइवेसी, तेज रफ्तार और आधुनिक सुविधा चाहते हैं।
