Business News

बीते कुछ दिनों से चांदी के बाजार में जबरदस्त उतार–चढ़ाव देखने को मिल रहा है। जहां सप्ताह की शुरुआत में मंगलवार और बुधवार को सिल्वर की कीमतों में तेज़ी दर्ज की गई थी, वहीं गुरुवार को अचानक रुख बदल गया। गुरुवार को वायदा बाजार में चांदी के दामों में तेज गिरावट आई, हालांकि बाजार बंद होने से पहले इसमें हल्की रिकवरी भी देखी गई।
शुक्रवार को गिरावट का असर स्पॉट मार्केट में साफ नजर आया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट सिल्वर की कीमतें करीब 8.9 फीसदी टूटकर 64.88 डॉलर प्रति औंस तक आ गईं। इसके साथ ही चांदी का भाव 65 डॉलर प्रति औंस के अहम स्तर से नीचे फिसल गया। यह गिरावट 0009 GMT तक दर्ज की गई।
गौरतलब है कि इससे पहले बीते हफ्ते चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी देखी गई थी। एक ही हफ्ते में सिल्वर के दामों में 121.63 डॉलर प्रति औंस तक का उछाल आया था। इसी तेज़ बढ़त के बाद अब मुनाफावसूली और बाजार की अनिश्चितता के चलते कीमतों में इतनी बड़ी गिरावट दर्ज की जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक संकेतों, डॉलर की मजबूती और निवेशकों की सतर्कता के चलते फिलहाल चांदी में अस्थिरता बनी रह सकती है। निवेशकों को अल्पकाल में उतार–चढ़ाव के लिए तैयार रहने की सलाह दी जा रही है।
